UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

गैरसैंण में पहले ही दिन विधानसभा घेराव करेगी कांग्रेस

देहरादून। गैरसैंण में बजट सत्र के पहले ही दिन मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने विधानसभा घेराव का निर्णय लिया है। कांग्रेस भर्ती घपला, अंकिता हत्याकांड और अडाणी मामले को लेकर प्रदर्शन करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने बताया कि केंद्र से लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर नाकाम हो रही है। युवा, महिलाएं, कर्मचारी वर्ग सरकार के खिलाफ आंदोलनरत हैं। इसलिए सरकार को जगाने के लिए कांग्रेस बजट सत्र के पहले ही दिन गैरसैंण में विधानसभा घेराव करेगी। इसमें पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ ही सभी विधायक मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश सरकार से जुड़े मुख्य रूप से भर्ती घोटाला, अंकिता भंडारी हत्याकांड, महिला सुरक्षा जबकि केंद्र सरकार से जुड़े अडाणी मामला, महंगाई को लेकर प्रदर्शन करेगी। साथ ही पार्टी विधायक सदन में भी सरकार को जोरदार तरीके से घेरेंगे। बजट सत्र आगामी 13 मार्च से शुरू हो रहा है।
माहरा ने कहा कि सरकार ने गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी का दर्जा देने के नाम भी छलावा किया है। तीन साल बीतने के बावजूद गैरसैंण में राजधानी का काम काज शुरू नहीं हो पााय है। सिर्फ सांकेतिक रूप से बीच में सत्र आयोजित कर दिया जाता है। इसके खिलाफ भी कांग्रेस आवाज उठाएगी।