UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

बेटे ने स्वतंत्रता सेनानी की समाधि से उखाड़े पेड़, केस दर्ज

रुड़की। लक्सरी गांव निवासी स्वतंत्रता सेनानी रतन सिंह और उनकी पत्नी लीलावती की समाधि पर लगाए गए पेड़ उन्हीं के एक बेटे ने उखाड़कर फेंक दिए। 15 अगस्त को मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत नगर पालिका प्रशासन ने ये पेड़ रोपे थे। पुलिस नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। नगर के वार्ड पांच लक्सरी निवासी रतन सिंह व उनकी पत्नी लीलावती स्वतंत्रता सेनानी थे। वर्ष 1947 से पहले पति, पत्नी ने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की थी और दोनों कई बार जेल भी गए। दोनों का स्वर्गवास हो चुका है। गांव के पास दोनों की समाधि बनी है। 15 अगस्त को केंद्र सरकार के अभियान मेरी माटी, मेरा देश के तहत लक्सर नगरपालिका अध्यक्ष अंबरीष गर्ग और ईओ चंद्रशेखर शर्मा ने समाधि पर पेड़ रोपे थे। आरोप है कि रतन सिंह के बेटे रामपाल ने ये पेड़ उखाड़कर फेंक दिए। परिवार के यशपाल ने इसकी तहरीर दी है। पुलिस रामपाल पर मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।