UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

बिजली की दरों में वृद्धि होने पर ऊर्जा निगम का दफ्तर घेरा

हरिद्वार(आरएनएस)।  प्रदेश में बिजली की दरों में बढ़ोत्तरी से नाराज कांग्रेसियों ने ऊर्जा निगम के कार्यालय का घेराव किया। नगर निगम स्थित ऊर्जा निगम कार्यालय के बाहर कांग्रेसियों ने धरना प्रदर्शन किया। सरकार पर जनहितों की अनदेखी का आरोप लगाया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी और कार्यकारी अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि एक ओर बिजली वृद्धि कर आम जनता पर महंगाई का बोझ डाला जा रहा है, तो दूसरी ओर 400 पार का नारा देने वाली भाजपा घबराहट में कांग्रेस के बैंक खाते सीज कराकर लोकतंत्र का गला घोंट रही है। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मुरली मनोहर और पूर्व अध्यक्ष ओपी चौहान ने कहा कि बिजली के दामों में वृद्धि से आम जनता को महंगाई का सामना करना पड़ रहा है, जिससे आम जन में भारी रोष है। अगर जल्द ही सरकार ने बढ़े दाम वापस नहीं लिए तो कांग्रेस बड़े आंदोलन की रूपरेखा बनाएगी।