UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

बिजली की दरों पर सुनवाई के लिए जनता के पास पहुंचेगा नियामक आयोग

देहरादून(आरएनएस)।  उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग ने राज्य में प्रस्तावित विद्युत दरों पर जन सुनवाई के लिए शेड्यूल तय किया है। इस सुनवाई में आयोग के समक्ष यूपीसीएल, पिटकुल, यूजेवीएनएल व एसएलडीसी द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए दायर एआरआर व टैरिफ याचिकाओं पर उपभोक्ताओं व अन्य संस्थाओं से सुझाव व आपत्तियां सुनी जाएगी।
आयोग सचिव नीरज सती ने बताया कि 20 फरवरी को सुबह दस से दोपहर एक बजे तक रुद्रपुर के विकास भवन सभागार, 24 को सुबह 11 से डेढ़ बजे तक टिहरी गढ़वाल के जिला पंचायत सभागार बौराड़ी व 26 फरवरी को सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग के आईएसबीटी माजरा स्थित भवन में यह सुनवाई होगी। सुनवाई में साथ ही वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए सहीकरण व वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए वार्षिक अनुपालन(एपीआर) की समीक्षा भी प्रस्तावित है। उन्होंने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति या संस्था इस सम्बंध में अपने मत आयोग के समक्ष प्रस्तुत करना चाहते हैं तो वे जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपना मत आयोग के समक्ष लिखित या मौखिक रुप से भी रख सकते हैं। आयोग से सम्बंधित सभी निगमों की प्रस्तावित टैरिफ याचिकाओं को आयोग वेबसाइट www.uerc.gov.in पर देखा जा सकता है।