UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

महिला से चेन लूटने के प्रयास का एक आरोपी गिरफ्तार

रुड़की(आरएनएस)। महिला से चेन लूट के प्रयास में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसके फरार साथियों की तलाश जारी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी तक पहुंची थी। गंगनहर कोतवाली को प्रीत विहार कॉलोनी निवासी अवशेष त्यागी ने तहरीर देकर बताया कि बीती 28 फरवरी को रात के वक्त वह अपनी पत्नी के साथ सब्जी खरीदकर बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में यूपी नंबर के कार सवारों ने पत्नी की चेन छीनने का प्रयास किया था। विरोध करने पर कार सवार आरोपियों ने दंपति के साथ मारपीट की थी। शोर शराबा होने पर कार सवार जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात कार सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। शनिवार को पुलिस ने इस मामले में मोहम्मद कैफ पुत्र शेर अली निवासी तेलीवाला पाडली गुर्जर रुड़की को शक्ति विहार कॉलोनी रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले रास्ते से धर दबोच लिया। पुलिस टीम में उप निरीक्षक बलवंत सिंह, हेड कांस्टेबल लखपत और भूपेंद्र शामिल रहे।