UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

बागेश्वर में यूथ कांग्रेस ने फूंका पुतला

बागेश्वर(आरएनएस)। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए उनके परिजनों के साथ धरने पर बैठे आशुतोष नेगी की गिरफ्तारी पर यूथ कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। नाराज कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सरकार का पुतला दहन किया। उन्होंने अंकिता के हत्यारों को सजा दिलाने और बेटी को न्याय देने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। युकां कार्यकर्ता शनिवार को एसबीआई तिराहे पर एकत्रित हुए। यहां हुई सभा में उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में जिस वीआईपी का नाम उजागर हुआ सरकार उसे बचाने में लगी है। कहा कि अंकिता के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए धरने पर बैठे आशुतोष को गिरफ्तार कर लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास किया है। कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने गिरफ्तार नेगी को रिहा करने और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की है। नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवत डसीला, कवि जोशी, गोकुल परिहार, कुंदन गोस्वामी, प्रकाश बाछमी, पकंज कुमार, हेम परिहार, हरीश त्रिकोटी, जितेंद्र बघरी संजय चन्याल आदि मौजूद रहे।