UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

चालक को नींद की झपकी आने से दीवार से टकराया दूध का कैंटर

रुद्रपुर(आरएनएस)। किच्छा हल्द्वानी मुख्य मार्ग पर नगला पैट्रोल पंप के पास एक तेज गति से आ रहा दूध से भरा अनियंत्रित कैंटर टेंट हाउस की दीवार से टकरा गया। इससे दुकान में पेपर डाल रहा अखबार वितरक और कैंटर चालक बाल-बाल बचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कैंटर समेत चालक को हिरासत में ले लिया है। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे बुलंद शहर से पैकिंग दूध लेकर आ रहा कैंटर बिलासपुर, रूद्रपुर और किच्छा में सप्लाई देते हुए हल्द्वानी को जा रहा था। तभी नगला पेट्रोल पंप के पास चालक को नींद की झपकी आ गई और तेज गति से आ रहा कैंटर वहां कुमार टेंट हाउस की दीवार से टकरा गया। इससे बगल के टायर की दुकान पर लगा बिजली का पोल, पानी का नल तथा कुमार टेंट हाउस की दीवार व दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के वक्त टेंट हाउस में पेपर डाल रहा अखबार वितरक रमेश पंत बाल बाल बचा। अखबार वितरक रमेश पंत ने जैसे ही वाहन चालक के चिल्लाने की आवाज सुनी तुरंत वहां मौजूद बस का इंतजार कर रहे सिडकुल कर्मियों की मदद से अंदर फंसे घायल कैंटर चालक दीपांशु आर्या और कंडक्टर प्रशांत को बाहर निकालकर उनकी जान बचाई। इसके बाद मौके पर पहुंची पंतनगर पुलिस ने चालक समेत क्षतिग्रस्त कैंण्टर को कब्जे में ले लिया।