UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

पांच हजार का इनामी दंपति रुड़की से दबोचा

हरिद्वार(आरएनएस)।  मकान और चौपहिया वाहन बेचने के नाम पर 21 लाख की रकम ठगकर फरार हुए पांच-पांच हजार के इनामी आरोपी दंपति को सीआईयू रुड़की और शहर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने रुड़की से दबोच लिया। आरोपी दंपति को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने इनामी दंपति को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि एक वर्ष पूर्व तनुज पंवार पुत्र देवेंद्र सिंह, निवासी शिवालिक नगर ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि एक दंपति ने अपना मकान और चौपहिया वाहन वाहन बेचने के लिए उसके साथ सौदा तय किया था। आरोप है कि उससे इस बाबत 21 लाख की रकम ले ली गई थी। जब उसने मकान का बैनामा और कार सौंपने की बात कही तब उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हत्या की धमकी दी गई थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अरुण कुमार सैनी पुत्र ओमप्रकाश सैनी और उसकी पत्नी निवासीगण मकान संख्या 36, भागीरथी गंगा विहार भूपतवाला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। तब से आरोपी दंपति फरार चल रहा था। आरोपी दंपति पर पांच-पांच हजार का इनाम घोषित किया गया था। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी दंपति के रुड़की में छिपे होने की सूचना मिली, जिसके बाद सीआईयू रुड़की की मदद से आरोपी दंपति को पकड़ लिया गया।