UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

फर्जी ई मेल भेजकर पेपर मिल से सात लाख रुपए ठगे

काशीपुर(आरएनएस)।  एक पेपर मिल को फर्जी ई-मेल भेजकर सात लाख रुपए की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। साइबर सेल से जांच कराने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।पुलिस को दी तहरीर में मुरादाबाद रोड स्थित सिद्धार्थ पेपर मिल के जीएम (एचआर) मानपुर रोड निवासी संजय कुमार ने कहा है कि उनकी कंपनी ने एटीएस टेक्नो प्रालि. को ग्राइडिंग आदि का कार्य कराने का वर्क आर्डर 03 मई 2024 को अपनी कंपनी के रजिस्टर्ड ईमेल आईडी से दिया था। इस काम के भुगतान के लिए उनकी कंपनी को एक ई मेल मिला। इसमें पीएनबी और एसबीआई के एक-एक खाते का नंबर दिया। इन दोनों खातों में उनकी कंपनी ने नौ मई व 16 मई 2024 को कुल सात लाख रुपए की रकम जमा कर दी। बाद में एटीएस टेक्नो प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि आकाश ओझा ने सिद्धार्थ पेपर मिल के अतुल अग्रवाल को व्हाट्सएप कॉल कर भुगतान के लिए संपर्क किया और बताया कि आपका भुगतान अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। जानकारी करने पर पता लगा कि पेपर मिल को फर्जी ई-मेल भेजकर सात लाख रुपए की ठगी की गई है। तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।