UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

ट्रक ड्राइवर से लूट में तीन लोग गिरफ्तार

देहरादून(आरएनएस)। पटेलनगर क्षेत्र में चालक से ट्रक में घुसकर लूट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूट की नकदी, मोबाइल और घटना में प्रयुक्त स्कूटर बरामद हुआ है। आरोपियों ने हाथ के कड़े को चालक की कनपटी पर लगाकर उसे तमंचा बताया और डरा धमकर लूट की। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि शिवशंकर शर्मा निवासी अलीगढ़ यूपी ने पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। तहरीर में उन्होंने बताया था कि 04 अगस्त को वो पटेलनगर क्षेत्र में ट्रक के अंदर सो रहे थे। रात करीब 03:15 बजे दो युवक ट्रक पर चढ़े और कान पर तमंचा या पिस्टल जैसी चीज लगाकर लूट की। उन्होंने आरोपियों का पीछा किया लेकिन, वो अपने तीसरे दोस्त के साथ स्कूटर पर बैठक फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की। घटना स्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरों की जांच में तीन युवक संदिग्ध पाए गए। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार को मंडी चौक पर सब्जी मंडी के पीछे खाली ग्राउंड के पास से महेश अधिकारी निवासी बंजारावाला, मनीष निवासी मेहूंवालामाफी पटेलनगर, शोएब निवासी मेहूवालामाफी चंदाताल पटेलनगर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने लूट का आरोप स्वीकार किया। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने हाथ के कड़े को चालक की कनपटी पर लगा दिया था। चालक को धमकाया कि यदि सामान नहीं दिया तो सिरपर गोली मार देंगे। चालक भी कडे को तमंचा समझ बैठे।