UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

प्रदेशभर में 10 लाख महिलाओं को संगठन से जोड़ेगी महिला कांग्रेस

देहरादून(आरएनएस)। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस का 40वां स्थापना दिवस रविवार को कांग्रेस भवन में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान महिला कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की उपस्थिति में मेंबरशिप कैंपेन लॉन्च किया गया। उत्तराखंड महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि यह पहली बार है जब स्थापना दिवस पर देशभर में सदस्यता अभियान की शुरुआत हो रही है। उत्तराखंड में 10 लाख महिलाओं को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। बता दें कि महिला कांग्रेस की स्थापना 30 अप्रैल, 1984 को भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी ने की थी। महिला कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को राजनीति में शामिल करना और उनकी आवाज को सुनने का अवसर प्रदान करना है। अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने बताया कि उत्तराखंड महिला कांग्रेस प्रदेश में पहली बार सभी मुख्यालयों में मेंबरशिप कैंपेन लॉन्च करने जा रही है। इसके बाद अभियान को आगे बढ़ाते हुए जिला, ब्लॉक और बूथ लेबल तक शुरू किया जाएगा। सदस्यता अभियान पूरी तरह से ऑनलाइन होगा, जिसमें हर वर्ग की महिलाएं पांच साल तक के लिए महिला कांग्रेस की सदस्य बन सकती हैं। सदस्यता के लिए मात्र 100 रुपये की ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी, जिसके बाद सदस्य को ऑनलाइन सदस्यता सर्टिफिकेट प्राप्त होगा।
रौतेला ने बताया कि अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर, पंफलेट, बैनर, सोशल मीडिया जैसे साधनों का इस्तेमाल किया जाएगा। महिला कांग्रेस संगठन की नई वेबसाइट पर महिलाओं को अपनी बात रखने का मंच मिलेगा, साथ ही संगठन की गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध होगी। नए सदस्य बनने के लिए http://join.aimc.in वेबसाइट पर लॉग इन कर रजिस्ट्रेशन कराना होगा।
कार्यक्रम में प्रदेश सहप्रभारी सुरेन्द्र शर्मा, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, प्रदेश महिला उपाध्यक्ष नजमा खान, आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा, जिलाध्यक्ष पूनम सिंह, चन्द्रकला नेगी, पायल बहल, मीना रावत, निधि नेगी, पुष्पा पंवार, सुशीला शर्मा, अनुराधा तिवारी, अमृता कौशल, अनीता दास, देवेंद्र कौर आदि उपस्थित थे।