UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

शक्तिफार्म में कार की टक्कर से महिला की मौत

रुद्रपुर(आरएनएस)।  शक्तिफार्म में अपने भाई के घर पैदल जा रही महिला को एक कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इसमें उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है। शुक्रवार को गांव सुरेंद्रनगर निवासी 45 वर्षीय संगीता सरकार पत्नी हरिपद सरकार अपने घर से चंद मीटर की दूरी पर स्थित अपने भाई के घर पैदल जा रही थी। इतने में पीछे से आई एक कार ने उसे टक्कर मार दी। कार अनियंत्रित होकर खेत में घुस गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया। हादसे में संगीता गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि संगीता शक्तिफार्म के एक निजी विद्यालय में आया का काम करती थी। उसकी शादी पश्चिम बंगाल निवासी हरिपद सरकार से हुई थी। बताया कि करीब 8 साल पहले उसका पति उसे छोड़कर कहीं चला गया। तब से वह अपने बच्चों के साथ यहां रह रही थी। उसके तीन पुत्री और एक पुत्र है। तीनों पुत्री की शादी हो चुकी है। वहीं, उसका पुत्र शिवनाथ सरकार अविवाहित है और वह मजदूरी करता है। संगीता की मौत की खबर से उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उपनिरीक्षक एसएस बोरा ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।