UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

सिरौलीकलां में फंदे पर लटका मिला किशोरी का शव

रुद्रपुर(आरएनएस)। ग्राम सिरौलीकलां में एक किशोरी का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलभट्टा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 16 वर्षीय अलीमा पुत्री हनीफ निवासी सिरौलीकलां छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी। उसके एक भाई और एक बहन की शादी हो चुकी है। अलीमा का पिता हनीफ मेहनत मजदूरी करता है। अलीमा ने पढ़ाई छोड़ दी थी और अपने मां के काम में हाथ बंटाती थी। शुक्रवार रात मां-बाप और घर के सभी सदस्य किसी समारोह में गए थे। लगभग 12 बजे जब उन्होंने घर आकर देखा तो घर के दरवाजे खुले थे। अंदर जाकर देखा तो अलीमा का शव कमरे में पंखे के सहारे दुपट्टे से फंदे पर लटका हुआ था। परिजनों ने घटना की सूचना पुलभट्टा पुलिस को दी। पुलभट्टा थाना इंचार्ज रविन्द्र सिंह बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलभट्टा थाना इंचार्ज ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।