UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

निवर्तमान प्रधान ने स्पष्टीकरण के लिए मांगा समय

रुद्रपुर(आरएनएस)।   अरविंदनगर की निवर्तमान ग्राम प्रधान प्रभाती बसु को जांच में दोषी पाए जाने के बाद उन्होंने अपना पक्ष रखने के लिए और समय मांगा है। इससे जिला प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं हो पाई है। ग्राम अरविंदनगर निवासी निखिलेश घरामी ने जिलाधिकारी कार्यालय में ग्राम पंचायत अरविंदनगर में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए वर्ष 2022 में शिकायती पत्र सौंपा था। इसमें प्रधान पति पर अनाधिकृत रूप से कार्य करने का आरोप लगाया था। तत्कालीन डीएम ने जांच टीम गठित की थी। संयुक्त जांच टीम ने 2023 में जांच पूर्ण कर जांच रिपोर्ट सौंपी थी। जांच में शिकायतों की प्रथम दृष्ट्या पुष्टि हुई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर तत्कालीन ग्राम प्रधान प्रभाती बसु को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। जिलाधिकारी कार्यालय के अनुसार प्रभाती बसु ने 25 नवंबर को कुछ समय और देने का अनुरोध किया है। पूर्व डीएम उदयराज सिंह ने 29 नवंबर को जारी पत्र में बताया है कि प्रकरण पर नैसर्गिक न्याय के सिद्धांत का अनुपालन करते हुए कार्यवाही गतिमान है।