काशीपुर(आरएनएस)। फसल में खाद डालने के दौरान करंट लगने से हुई किसान की मौत के मामले में खेत स्वामी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग को लेकर मृतक के परिजनों ने कोतवाली में जमकर हंगामा किया। नाराज परिजन मृतक के शव को भी साथ लेकर आये थे, लेकिन पुलिस के केस दर्ज कर लेने के बाद परिजन शव को वापस ले गए। पुलिस ने आरोपी खेत स्वामी रजनीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार देर शाम गांव नमूना में खेत में खाद डालने के दौरान 32 वर्षीय सर्वजीत सिंह पुत्र रणवीर सिंह गंभीर रूप से झुलस गया था। उसको बचाने पहुंचे अमरीक सिंह पुत्र सुखविंदर सिंह तथा हरजीत सिंह पुत्र मुख्तियार सिंह भी मामूली झुलस गए थे। वहीं उपचार के दौरान सर्वजीत सिंह की मौत हो गई थी। परिजनों ने मृतक सर्वजीत का पोस्टमार्टम कराया। शनिवार को मृतक के परिजन व अन्य ग्रामीण बड़ी संख्या में शव को एंबुलेंस में रखकर कोतवाली पहुंच गए और आरोपी खेत स्वामी पर लापरवाही से खेत में 440 वोल्ट की अवैध तार लगाने का आरोप लगाया।
नाराज परिजन खेत स्वामी रजनीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग कर रहे थे। नाराज परिजन शव को लेकर कोतवाली में प्रदर्शन करने वाले थे कि एसएसआई विनोद फर्त्याल तुरंत परिजनों के पास पहूंचे और उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया। वहीं पुलिस ने मृतक के चाचा सुखविंदर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने खेत स्वामी रजनीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। वहीं परिजनों ने पुलिस को कहा है कि अगर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो परिजना पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
बाजपुर में करंट से किसान की मौत में खेत स्वामी पर केस


