UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

अल्मोड़ा: फर्स्ट रिस्पॉन्डर प्रशिक्षण में आपदा प्रबंधन और प्राथमिक उपचार की दी जानकारी

अल्मोड़ा। सम्भागीय परिवहन कार्यालय, अल्मोड़ा में शनिवार को फर्स्ट रिस्पॉन्डर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, मेडिकल टीम और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों व कर्मियों ने भाग लिया। सभी विभागों की टीमों ने आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावितों को त्वरित और प्रभावी सहायता देने के लिए प्रशिक्षण दिया। इसमें 24 यूके गर्ल्स बीएनएनसीसी और 77 यूके बीएनएनसीसी, अल्मोड़ा के एनसीसी कैडेट्स और अन्य प्रतिभागी शामिल हुए। प्रशिक्षण में नायक सूबेदार जितेंद्र सिंह, हवलदार अशोक चंद्र और जीसीआई सविता ने एनसीसी की ओर से भाग लिया। एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमों ने आपदा या दुर्घटनाग्रस्त स्थल पर राहत और बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने सीमित संसाधनों से रस्सी में विभिन्न प्रकार की गांठें बांधने, स्ट्रेचर मॉडल तैयार करने और घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के तरीकों का प्रदर्शन किया। मेडिकल टीम ने दुर्घटना के दौरान पीड़ित की श्वसन क्रिया को सामान्य बनाए रखने, रक्तस्राव रोकने, कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) करने और हड्डी फ्रैक्चर की स्थिति में प्राथमिक उपचार देने का प्रशिक्षण दिया। अग्निशमन दल ने आग बुझाने के लिए अग्निशमन यंत्रों के प्रयोग और जान-माल की सुरक्षा के उपायों पर जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किये गए। कार्यक्रम में सम्भागीय परिवहन अधिकारी अनिता चन्द, एसडीआरएफ टीम से पंकज डंगवाल, कृष्णपाल और लोकेश, अग्निशमन दल से किशन सिंह, योगेश, प्रियंका राणा और चांदनी, मेडिकल टीम से सोबन सिंह जीना मेडिकल कॉलेज के डॉ. आदित्य कुमार चौहान, डॉ. हिमांशु, डॉ. आकांक्षा और डॉ. नेहा तथा आपदा प्रबंधन विभाग से मास्टर ट्रेनर आलोक वर्मा मौजूद रहे।