UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

महिला पुलिस टीम ने चलाया साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान

अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा के निर्देश पर अल्मोड़ा जिले में साइबर सुरक्षा को लेकर गांव-गांव और शहर-शहर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को महिला थाना पुलिस टीम ने ग्राम घुरसों में वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया। अभियान का संचालन महिला थाना प्रभारी निरीक्षक जानकी भंडारी के नेतृत्व में किया गया। टीम में उपनिरीक्षक तनुजा हयांकी, महिला कांस्टेबल इंदिरा भट्ट जोशी और द्रौपदी सुयाल शामिल रहीं। अभियान के दौरान ग्रामीणों को डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी स्कैम, एटीएम फ्रॉड, फिशिंग, फर्जी लिंक जैसे साइबर अपराधों की पहचान और उनसे बचने के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला टीम ने ग्रामीणों को डायल 112, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग, महिला अपराध और बाल विवाह जैसे विषयों पर भी आवश्यक जानकारी दी और इनसे जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में अवगत कराया।