UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

पूर्व पैरामिलिट्री कल्याण समिति की बैठक सम्पन्न, नई कार्यकारिणी गठित

अल्मोड़ा(आरएनएस)।   उत्तराखंड पूर्व पैरामिलिट्री कल्याण समिति की अल्मोड़ा इकाई की बैठक बुधवार को नगर निगम सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता निवर्तमान अध्यक्ष मनोहर सिंह नेगी ने की, जबकि संचालन रूप सिंह बिष्ट ने किया। बैठक में वक्ताओं ने प्रत्येक जिले में पैरामिलिट्री कल्याण बोर्ड की स्थापना की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का समर्थन सर्वसम्मति से किया गया। बैठक में हल्द्वानी में स्वीकृत केंद्रीय स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) क्लिनिककी शीघ्र स्थापना तथा पैरामिलिट्री बलों के लिए विशेष वेतन स्वीकृति जैसी मांगों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर समिति की नई जिला कार्यकारिणी का गठन भी किया गया, जिसमें तारा दत्त शर्मा को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। किशोर सिंह अधिकारी को उपाध्यक्ष, दीवान सिंह बोरा को सचिव और किशन सिंह खानी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अतिरिक्त 11 कार्यकारिणी सदस्यों का मनोनयन भी किया गया। बैठक में दरबान सिंह बोरा, हेमंत कुमार पंत, हर्षवर्धन चौधरी, जगदीश चंद्र, त्रिलोक सिंह काडाकोटी, आरपी जोशी, दीवान सिंह बिष्ट, हीरा सिंह रावत, किशन सिंह मेहता, श्याम सिंह, गणेश सिंह बिष्ट और आरसी खुलवे सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर निवर्तमान अध्यक्ष मनोहर सिंह नेगी ने सभी का आभार व्यक्त किया और समिति के उद्देश्यों को मजबूती से आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।