UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

शारदा पब्लिक स्कूल में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान आयोजित

अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा के निर्देश पर जनपद अल्मोड़ा में स्कूलों, कॉलेजों, नगर, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में वृहद जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को शारदा पब्लिक स्कूल, अल्मोड़ा में नशे के खिलाफ एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक बरखा कन्याल, प्रभारी सीसीटीएनएस, अपर उपनिरीक्षक मुदित वर्मा, कांस्टेबल बलवंत प्रसाद और महिला कांस्टेबल चम्पा दानू शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और जीवन में नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति को मानसिक और शारीरिक रूप से कमजोर करता है, बल्कि उसका परिवार और सामाजिक जीवन भी बुरी तरह प्रभावित होता है। नशे की लत व्यक्ति को अपराध की ओर धकेल सकती है और समाज से अलग-थलग कर सकती है। इसलिए नशे से दूरी बनाकर एक स्वस्थ और नशामुक्त समाज की दिशा में आगे बढ़ना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में एनडीपीएस एक्ट की जानकारी देते हुए इसकी कानूनी प्रक्रिया को भी समझाया गया। इसके अलावा छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध, मानव तस्करी, हाल ही में लागू हुए कानूनों, सिटिजन पोर्टल पर उपलब्ध ऑनलाइन सुविधाओं तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया।