अल्मोड़ा। जनपद के तीन उपनिरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नति मिली है। शनिवार को एसएसपी कार्यालय में आयोजित सादे समारोह में एसएसपी देवेन्द्र पींचा ने तीनों अधिकारियों के कंधे पर तीसरा स्टार लगाकर उन्हें पदोन्नति की बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पुलिस मुख्यालय देहरादून से जारी आदेश के तहत 2008-09 बैच के उपनिरीक्षक भुवन चंद्र जोशी (प्रभारी एसओजी अल्मोड़ा), सुशील कुमार (थानाध्यक्ष भतरौजखान) और देवेंद्र सिंह नेगी (प्रभारी चौकी एनटीडी) को निरीक्षक पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है। एसएसपी ने तीनों नवपदोन्नत निरीक्षकों को कंधे पर तीसरा स्टार लगाकर पुलिस विभाग में उनके बढ़ते दायित्वों की ओर संकेत किया और ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा व जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि यह पदोन्नति न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पुलिस विभाग की सेवा के प्रति समर्पण और कड़ी मेहनत का प्रतीक भी है। एसएसपी ने उम्मीद जताई कि पदोन्नत अधिकारी नई जिम्मेदारियों को भी उसी निष्ठा से निभाएंगे, जिस समर्पण से वे अब तक सेवा करते आए हैं।
अल्मोड़ा के तीन उपनिरीक्षक बने निरीक्षक, एसएसपी ने कंधे पर तीसरा स्टार लगाकर दी बधाई


