UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

अधिकार मित्रों की बैठक आयोजित, आपदा प्रबंधन का दिया प्रशिक्षण

अल्मोड़ा(आरएनएस)।  जिला न्यायालय परिसर के सभागार में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शचि शर्मा के निर्देशन में सोमवार को अधिकार मित्रों की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान मई माह में अधिकार मित्रों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की गई और जून माह के लिए कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक का उद्देश्य अधिकार मित्रों की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाना और आगामी योजनाओं को सुव्यवस्थित ढंग से क्रियान्वित करना था। बैठक के उपरांत एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पराविधिक कार्यकर्ताओं को आपदा प्रबंधन संबंधी जानकारी दी गई। यह प्रशिक्षण राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य प्राकृतिक और अप्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में त्वरित और प्रभावी राहत तथा बचाव कार्यों की दक्षता बढ़ाना रहा। प्रशिक्षण सत्र में एसडीआरएफ अल्मोड़ा की टीम के सदस्यों पंकज डंगवाल, बहादुर सिंह बजेठा, हरिश चंद्र पांडे, धीरज कुमार, राजेंद्र गिरी और गजेंद्र सिंह ने भाग लिया और आपदा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण में कार्यकर्ताओं को आपात स्थिति में सही निर्णय लेने, प्राथमिक उपचार, राहत वितरण और समन्वय से जुड़े पहलुओं पर विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया।