पौड़ी(आरएनएस)। पौड़ी-सतपुली-कोटद्वार नेशनल हाईवे पर शनिवार रात को पोकलेन मशीन से युवक की हत्या करने वाले आरोपी चालक को पौड़ी पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पोकलेन चालक (ऑपरेटर) की पहचान प्रवीण सिंह बर्थवाल निवासी ग्राम चुनार, मारवाडी जोशीमठ, जिला चमोली के रूप में हुई है। बता दें कि युवक की हत्या के बाद आरोपी बीते शनिवार से फरार चल रहा था। पुलिस की ओर से कई टीमों का गठन कर गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी गई थी। बता दें कि पौड़ी-सतपुली-कोटद्वार नेशनल हाईवे पर मल्ली सतपुली के पास शनिवार रात को सड़क खोलने को लेकर मामूली विवाद के बाद आरोपी पोकलेन चालक प्रवीण सिंह बर्थवाल ने डांडामंडी दुगड्डा निवासी सुमन देवरानी को मशीन के अगले हिस्से(बक्केट) से मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। घटना से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगाने के साथ ही पुलिस प्रशासन से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग भी की थी। इस मामले में सुमन के साथी की तहरीर पर पुलिस ने सतपुली थाने में आरोपी मशीन चालक के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पौड़ी एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने मंगलवार को बताया कि आरोपी मशीन चालक (ऑपरेटर) प्रवीण सिंह बर्थवाल को सोमवार रात यमुनानगर, हरियाणा से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की धरपकड़ के लिए सर्विलांस आदि की भी मदद ली गई थी। एसएसपी सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है। बताया कि पुलिस ने साक्ष्यों का संकलन किया और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का जायजा लेते हुए साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस टीम में प्रभारी सीआईयू जयपाल सिंह चौहान, एसआई दिनेश कुमार, एएसआई सुशील चौधरी, हरीश, अमरजीत, सुरेश शाह आदि शामिल रहे।
युवक की हत्या करने वाला पोकलेन चालक हरियाणा से गिरफ्तार


