देहरादून(आरएनएस)। सड़क पर पड़ी निर्माण सामग्री पर बाइक फिसलने से सात साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक फिसलने से मासूम सड़क पर गिरा तो पीछे से आ रहे पिकअप ने कुचल दिया। मामले में आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। योगराज सिंह निवासी आईटी पार्क ने पुलिस को शिकायत दी। बताया कि वह 14 जून की दोपहर सवा तीन बजे सात वर्षीय भतीजे गर्वित को बाइक पर बैठकार जोगीवाला, रिंग रोड होते हुए आईटी पार्क स्थित अपने आवास पर जा रहे थे। यहां सड़क खुदाई का निर्माण का काम चल रहा है। इससे जगह-जगह निर्माण सामग्री पड़ी हुई है। निर्माण सामग्री पर योगराज सिंह की बाइक फिसल गई। बाइक फिसलने से उनका भतीजा सड़क पर गिरा। पीछे से तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी आ रही थी। उसने गर्वित को कुचल दिया। उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे में योगराज सिंह को भी चोट आई और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि मामले में आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सड़क पर पड़ी निर्माण सामग्री पर फिसली बाइक, सात साल के मासूम की दर्दनाक मौत
ByNeha Joshi
Jun 16, 2025
