UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

वन्यजीव के हमले में मजदूर की मौत

रुद्रपुर(आरएनएस)।  खटीमा के जादोपुर में बुधवार सुबह खेत में धान की पौध लगा रहे मजदूर पर वन्यजीव ने हमला कर दिया। वह मजदूर को नदी की ओर खींच ले गया और मार डाला। सूचना पर वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। विभाग ने यहां से वन्य जीव के पदचिह्न और बाल के सैंपल लिए हैं। मृतक के घाव से वन्यजीव का सलाइवा (लार) लिया गया है। सलाइवा और बाल डीएनएन जांच के लिए हैदराबाद भेजे जा रहे हैं और पदचिह्न वाइल्ड लाइफ को भेजे जा रहे हैं। बुधवार सुबह करीब पांच बजे कई मजदूर गुरुद्वारा के प्रधान जसवंत सिंह के खेत में पौध लगा रहे थे। तभी मजदूर 45 वर्षीय जितेंद्र सिंह पुत्र विश्राम सिंह ग्राम खनका तहसील बीसलपुर पीलीभीत नजदीक सरकंडे के खेत में शौच के लिए गया। इस दौरान एक वन्यजीव उसे खेत से खींचकर नदी की ओर ले गया। खेत में पौध लगा रहे अन्य मजदूरों के शोर मचाने पर सभी लोग ग्रामीणों के साथ वन्यजीव के पीछे भागे। इस पर वन्यजीव मजदूर को छोड़कर भाग गया। खेत मालिक घायल जितेंद्र को अपनी कार से उप जिला चिकित्सालय लेकर आए और इसकी सूचना खटीमा रेंजर जीवन चन्द्र उप्रेती को दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचे रेंजर ने लोगों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है और सूचना परिजनों को दे दी है। इधर, घटना के बाद जादोपुर में दहशत का माहौल है।