UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

नौगांव में भावना रौतेला बनीं निर्विरोध ग्राम प्रधान

अल्मोड़ा। धौलादेवी विकासखंड की ग्रामसभा नौगांव में ग्रामीणों ने लोकतांत्रिक एकता और परिपक्व सोच की अनूठी मिसाल पेश करते हुए भावना रौतेला, पत्नी मोहन सिंह रौतेला को सर्वसम्मति से ग्राम प्रधान पद के लिए निर्विरोध चुन लिया। यह पहली बार है जब नौगांव ग्राम पंचायत में प्रधान पद पर कोई उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुआ हो। भावना रौतेला का निर्विरोध चयन जहां गांव की सामाजिक एकता का परिचायक है, वहीं यह निर्णय राजकीय संसाधनों की बचत की दिशा में भी एक सार्थक पहल मानी जा रही है। ग्रामीणों ने एकमत होकर बिना किसी चुनावी संघर्ष के अपनी नई ग्राम प्रधान को चुना, जिससे गांव में सहयोग, समरसता और विकास को लेकर उत्साह का माहौल बन गया है। गांव के लोगों ने इसे एक ऐतिहासिक और सकारात्मक पहल बताया है। उनका कहना है कि यह निर्णय न केवल शांति और सहयोग को बढ़ावा देगा, बल्कि पारदर्शी विकास के मार्ग को भी प्रशस्त करेगा। भावना रौतेला को निर्विरोध ग्राम प्रधान चुने जाने पर समस्त ग्रामवासियों ने उन्हें बधाई दी और ग्राम पंचायत के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।