UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

गढ़वाल विवि में फैकल्टी डेवलपमेंट कार्यक्रम का शुभारंभ

श्रीनगर गढ़वाल(आरएनएस)।  हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र (एमएमटीटीसी) द्वारा विकसित भारत में उच्च शिक्षा की भूमिका पर फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। एक सप्ताह तक चलने वाले इस कार्यक्रम में 17 अलग-अलग राज्यों के 100 से अधिक उच्च शिक्षा संकाय सदस्य प्रशिक्षित होंगे। मंगलवार को चौरास स्थित फैकल्टी डेवलपमेंट सेंटर में आयोजित ऑनलाइन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डॉ. बीआर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय सोनीपत के कुलपति प्रो. देवेंद्र सिंह ने विकसित भारत के विजन को प्राप्त करने के लिए शिक्षा प्रणाली में एक मूलभूत बदलाव का आह्वान किया। उन्होंने पारंपरिक तरीकों से परे एक समग्र और छात्र-केंद्रित शिक्षा प्रणाली की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया। कहा कि अप्रयुक्त योग्य मानव संसाधनों को जल्द से जल्द औपचारिक शिक्षा प्रणाली में एकीकृत करने के लिए एक स्पष्ट नीति की आवश्यकता है,जो कि विश्व गुरु विकसित भारत के निर्माण में योगदान के लिए महत्वपूर्ण होगा। प्रो. देवेंद्र सिंह ने अकादमिक-उद्योग संबंधों को मजबूत करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो. श्री प्रकाश सिंह ने एमएमटीटीसी टीम के निरंतर प्रयासों की सराहना की। एमएमटीटीसी के कार्यवाहक निदेशक डॉ. राहुल कुंवर सिंह ने उच्च शिक्षा की विकसित होती भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों और कॉलेजों की जिम्मेदारी अब केवल रोजगार योग्य स्नातक तैयार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जिम्मेदार, नैतिक और विश्व स्तर पर सक्षम व्यक्तियों को विकसित करना है, जो समावेशी और सतत विकास की दिशा में भारत का नेतृत्व करेंगे। मौके पर कोर्स संयोजक डॉ. हिरण्मय रॉय, डॉ. कविता भट्ट, डॉ. अमरजीत सिंह, डॉ. सोमेश थपलियाल आदि मौजूद थे।