UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

10 अक्टूबर तक प्रस्तुत करें प्रस्तावित कार्यों के एस्टीमेट : डीएम

रुद्रप्रयाग(आरएनएस)।  जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने मंगलवार को एनआईसी सभागार में वित्तीय वर्ष 2025-26 में दैवी आपदा से क्षतिग्रस्त परिसम्पत्तियों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मौके पर 10 अक्तूबर तक प्रस्तावित कार्यों के एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार कार्य योजनाओं, टेंडर प्रक्रिया, कार्यादेश तथा एसडीआरएफ व नॉन-एसडीआरएफ फंड्स से चल रहे कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी जिलाधिकारी को उपलब्ध कराई। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 10 अक्टूबर तक अन्य प्रस्तावित कार्यों के एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत किए जाएं तथा उनसे संबंधित प्रक्रियाओं को भी समय पर पूर्ण किया जाए। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, खंड विकास अधिकारी ऊखीमठ अनुष्का, प्रखंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश शाह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार सहित लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, सिंचाई, जल संस्थान, लघु सिंचाई तथा विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।