UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

जनोपयोगी कार्यों में धनराशि का प्रभावी उपयोग करें : डॉ. धन सिंह रावत

अल्मोड़ा(आरएनएस)।  कैबिनेट मंत्री और जनपद प्रभारी डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में जिला योजना, राज्य योजना और विभिन्न विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के विकास के लिए अवमुक्त की गई धनराशि का उपयोग केवल जनोपयोगी कार्यों में किया जाए। डॉ. रावत ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने सड़क विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात के कारण प्रभावित मार्गों और खड्डों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर की जाए और गड्ढा मरम्मत का कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से संपन्न किया जाए। उन्होंने आपदा प्रभावितों को मुआवजे की राशि शीघ्र वितरित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही यह भी कहा कि अवमुक्त राशि का उपयोग जल्द से जल्द किया जाए ताकि जनता को समय पर उसका लाभ मिल सके। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल, मेयर अजय वर्मा सहित जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।