अल्मोड़ा। राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तराखंड राज्य आंदोलन में योगदान देने वाले सभी राज्य आंदोलनकारियों के प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से अल्मोड़ा जनपद एवं तहसील स्तर पर ‘उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी सम्मान समारोह’ आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले आंदोलनकारियों के अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए नई पीढ़ी को राज्य के गौरवशाली इतिहास से प्रेरित करना है। समारोह के दौरान राज्य आंदोलनकारियों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल देकर सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में सोमवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों का संघर्ष और व्यक्तित्व प्रेरणादायी है, उनका सम्मान हमारे लिए गर्व का विषय है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद एवं तहसील स्तर पर होने वाले सभी कार्यक्रमों को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायक ढंग से आयोजित किया जाए। बैठक में जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों को वर्चुअल माध्यम से जोड़ा गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत, एसडीएम सदर संजय कुमार, डीपीओ पीताम्बर प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This