UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

बैंक कर्मी बनकर क्रेडिट कार्ड से दो लाख ट्रांसफर

देहरादून(आरएनएस)। बसंत विहार क्षेत्र में साइबर ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर एक व्यक्ति को दो लाख पांच हजार रुपये की चपत लगा दी। पंडितवाड़ी स्थित क्राउन रेजिडेंसी निवासी आदित्य खट्टर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते 18 दिसंबर को उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉलर ने खुद को आईसीआईसीआई बैंक का कर्मचारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड संबंधित जानकारी मांगी। बातों में उलझाकर ठग ने गोपनीय जानकारी ले ली। इसके बाद मोबाइल पर ओटीपी आते ही एसबीआई कार्ड से 65 हजार और आईसीआईसीआई कार्ड से 1.40 लाख रुपये कट गए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत दोनों कार्ड ब्लॉक कराए। पीड़ित का आरोप है कि ट्रांजैक्शन विवादित होने के बावजूद बैंक उन पर भुगतान का दबाव बना रहे हैं। एसओ बसंत विहार अशोक राठौर ने बताया कि शिकायत पर बुधवार को साइबर ठगी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।