UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

सांसद रमनदीप पर की गई टिप्पणी से भड़की भाजपा

ऋषिकेश(आरएनएस)। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ता भड़क उठे। नाराज कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को ऋषिकेश में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। कहा कि इस निंदनीय कृत्य के लिए राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस को न केवल सिख समाज से, बल्कि पूरे देश से बिना किसी शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। गुरुवार को भाजपाई रेलवे मार्ग स्थित कार्यालय में एकत्रित हुए और राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष राजेन्द्र तडियाल ने कहा कि सिखों का अपमान कांग्रेस पार्टी के डीएनए में है। उन्होंने कहा कि हम सिख समाज का यह अपमान नहीं सहेंगे। राहुल गांधी सिख समाज से माफ़ी मांगे और अपना त्याग पत्र दें। जिला महामंत्री प्रतीक कालिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की सोच 1984 से 2026 तक वहीं की वहीं है। उन्होंने कहा कि रवनीत सिंह बिट्टू उन्हीं पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं, जिनकी खालीस्तान समर्थक आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह सिख परिवार से हैं, जिसने देश की सेवा की है। मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि चाहे संसद हो या फिर कोई भी स्थान हो, मर्यादित और शालीन भाषा में ही बोलना चाहिए। यह बड़ा ही दुर्भाग्यपूर्ण है जिनके दादा ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए हों, उनके पोते पर अभद्र टिप्पणी की गई। अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष सरदार सतीश सिंह ने कहा कि राजीव गांधी की सरकार के दौरान 1984 में हजारों सिखों की हत्या कर दी गई थी। घरों को जलाया गया और परिवार के परिवार तबाह हो गए। उस समय कांग्रेस सरकार आंखें मूंदे बैठी रही। कहा कि सिख समाज से आने वाले केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में युवा मोर्चा अध्यक्ष अनिरुद्ध शर्मा, बलविंदर सिंह, निवेदिता सरकार, दिनेश बिष्ट, भानू प्रताप सिंह, बृजेश शर्मा, गुडडी कलूडा, संजीव पाल, राकेश कुमार, विक्की सिंह, अवतार सिंह, मंगा सिंह, जगजीत सिंह, अजीत गोल्डी, चंद्रेश्वर यादव, सुजीत यादव, देवदत्त शर्मा, अंकित गुप्ता, राकेश शर्मा, अशोक वर्मा आदि शामिल रहे।