UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ के विरोध में ब्राह्मण महासभा, प्रतिबंध की मांग

देहरादून (आरएनएस)। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रस्तावित फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ को लेकर ब्राह्मण महासभा ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। महासभा के पदाधिकारियों ने फिल्म को समाज की भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए इसके प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। इस संबंध में शुक्रवार को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा गया।

महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने कहा कि फिल्म का शीर्षक ब्राह्मण समाज की छवि को ठेस पहुंचाने वाला है। उनका कहना है कि इस तरह की प्रस्तुतियां समाज में आवेश और अशांति का माहौल पैदा कर सकती हैं, इसलिए देशभर में इसके प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने सेंसर बोर्ड के साथ-साथ फिल्म निर्माता मनोज बाजपेई और नीरज पांडे के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

महासभा के पदाधिकारी उमाशंकर शर्मा ने कहा कि यदि किसी भी मंच पर ब्राह्मण समाज के खिलाफ अपमानजनक सामग्री प्रस्तुत की जाती है, तो संगठन उसका पुरजोर विरोध करेगा। वहीं, लालचंद शर्मा ने कहा कि यदि संस्कृति, विचार और सामाजिक मूल्यों पर आधारित सकारात्मक फिल्में बनती हैं, तो महासभा सहयोग के लिए भी तैयार है।

संजय खंडूड़ी ने कहा कि ब्राह्मण समाज एकजुट है और किसी भी प्रकार का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

ज्ञापन सौंपने वालों में राजीव पुंज, सीताराम नौटियाल, सुदर्शन शर्मा, रामचंद्र रतूड़ी, आर पी गैरोला, अभिषेक नौटियाल, दिनेश सेमवाल, मनोज कुमार सुंदरियाल और महेश कोठारी शामिल रहे।