UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

विकासखंड भैंसियाछाना के ग्राम प्रधान संगठन के रविंद्र सिंह चम्याल बने अध्यक्ष

अल्मोड़ा। विकासखंड भैंसियाछाना के धौलछीना स्थित ब्लॉक सभागार में ग्राम प्रधान संगठन की बैठक में नई कार्यकारिणी का निर्विरोध चुनाव संपन्न हुआ। बैठक में संगठन को मजबूत करने और ग्राम प्रधानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में मौजूद ग्राम प्रधानों ने सर्वसम्मति से डुगरलेख के ग्राम प्रधान रविंद्र सिंह चम्याल को संगठन का ब्लॉक अध्यक्ष चुना। वहीं हरीश सिंह नेगी को जिला प्रतिनिधि के रूप में प्रस्तावित किया गया। अध्यक्ष चुने जाने के बाद रविंद्र सिंह चम्याल ने कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए अन्य पदाधिकारियों की घोषणा की। नई कार्यकारिणी में पप्पू लाल, देवीदत्त, पूरन सिंह बोरा और ललिता सुप्याल को उपाध्यक्ष, जबकि प्रेमा देवी को महिला उपाध्यक्ष बनाया गया। नीरज कुमार और महेंद्र सिंह को महासचिव, दरबान सिंह, अर्जुन सिंह, लीला देवी, हेमा देवी, कमला देवी और कविता पांडे को संयुक्त सचिव तथा रूपा मेहता को कोषाध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष बनने के बाद रविंद्र सिंह चम्याल ने सभी ग्राम प्रधानों का आभार जताया और कहा कि संगठन ग्राम प्रधानों की समस्याओं के समाधान और पंचायतों के विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगा। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर आपसी समन्वय और एकजुटता पर जोर दिया। बैठक में विकासखंड के अनेक ग्राम प्रधानों के साथ पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरीश बनोला, भगवान रावल और दीवान सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।​