UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

शॉर्ट सर्किट से खंभे में लगी आग, एबीसी केबल फूंकी

रुड़की(आरएनएस)। रामनगर क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वैशाली मंडप के सामने एक बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की चपेट में आकर खंभे से जुड़ी एबीसी केबल भी पूरी तरह जल गई। जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल ऊर्जा निगम को सूचना दी। इस दौरान करीब सात घंटे तक आठ हजार की आबादी प्रभावित हुई। खंभे में लगी आग की सूचना मिलने पर ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर पूरे रामनगर बिजलीघर की सप्लाई बंद कर दी गई। करीब दो घंटे बाद अधिकारियों ने अन्य क्षेत्र की बिजली आपूर्ति आंशिक रूप से बहाल कर दी, लेकिन संबंधित खंभे से जुड़े दो ट्रांसफार्मरों के जंपर उड़ जाने के कारण रामनगर क्षेत्र के बड़े हिस्से में बिजली सप्लाई ठप रही। इससे लगभग आठ हजार की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद ऊर्जा निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू किया। ट्रांसफार्मर के जंपर दुरुस्त करने और केबल बदलने में समय लगने के कारण लोगों को करीब आठ घंटे तक बिना बिजली के रहना पड़ा। देर शाम लगभग चार बजे के बाद क्षेत्र में धीरे-धीरे बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। वहीं, घटना स्थल पर मौजूद लोग आग लगने की वीडियो बनाते रहे। अफरा तफरी का भी कुछ समय तक के लिए यहां माहौल रहा। ऊर्जा निगम के एसडीओ ओमपाल सिंह ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। सूचना मिलते ही कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया और लाइन की मरम्मत कर सप्लाई बहाल की गई। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से कुछ क्षेत्रों की बिजली अस्थायी रूप से बंद रखी गई थी, जिसे मरम्मत के बाद चालू कर दिया गया।