UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

चमियाला-घनसाली के बीच मार्च से शुरू होगी पहली सिटी बस सेवा

नई टिहरी(आरएनएस)। नगर पंचायत चमियाला क्षेत्र के लोगों के लिए खुशखबरी है। आगामी मार्च से नगर पंचायत पहली बार सिटी बस सेवा शुरू करने जा रही है। सिटी बस सेवा शुरू होने से चमियाला से रोजाना घनसाली आने-जाने वाले कर्मचारियों, स्थानीय लोगों और बालगंगा महाविद्यालय सेंदुल के छात्र-छात्राओं को आवागमन की सुविधा मिलेगी। नगर पंचायत बोर्ड के गठन का एक वर्ष पूरा होने पर चमियाला में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में नगर पंचायत की ओर से कई नई योजनाएं संचालित की जा रही है। लंबे समय से परिवहन सुविधा के अभाव से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को अब सिटी बस सेवा की सौगात मिलने जा रही है। घनसाली से चमियाला के बीच नियमित सिटी बस संचालन की तैयारी शुरू हो गई है। आगामी मार्च से इसे शुरू करने की योजना है। नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह राणा ने बताया कि सिटी बस सेवा के लिए विधायक शक्ति लाल शाह ने विधायक निधि से धनराशि की स्वीकृति दी है। सिटी बस रोजाना चमियाला से घनसाली तक संचालित की जाएगी। घनसाली ब्लॉक और तहसील मुख्यालय होने के कारण दोनों स्थानों के बीच आवागमन लगातार बना रहता है। चारधाम यात्रा सीजन के दौरान मई से जुलाई तक बसों और जीप-टैक्सियों की कमी के कारण स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए शहरी विकास विभाग की ओर से नगर पंचायत को दो नए कूड़ा वाहन भी जल्द मिलने वाले हैं। वर्तमान में उपलब्ध कूड़ा वाहन पुराने हो चुके हैं और बार-बार खराब होने से कूड़ा उठान प्रभावित होता है। नए वाहनों के आने से कूड़ा निस्तारण व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। वार्ड नंबर छह में 1.24 करोड़ रुपये की लागत से रजत जयंती पार्क का निर्माण भी किया जा रहा है। पार्क में बच्चों के लिए झूले, चरखी और अन्य खेल उपकरण लगाए जाएंगे। बुजुर्गों के बैठने के लिए चेयर व विश्राम की सुविधा उपलब्ध रहेगी। अध्यक्ष राणा ने कहा कि नगर पंचायत का प्रयास है कि क्षेत्रवासियों को बुनियादी सुविधाएं चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। अन्य विकास योजनाओं पर भी काम तेजी से किया जाएगा।