UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

दिवंगत पत्रकार के परिजनों को प्रदान की आर्थिक सहायता

अल्मोड़ा। साप्ताहिक समाचार पत्र ‘रानीखेत टाइम्स’ के संपादक रहे दिवंगत पत्रकार जगदीश चंद्र तिवारी के परिजनों को मुख्यमंत्री पत्रकार कल्याण कोष से आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। उनकी पत्नी कमला तिवारी को पांच लाख रुपये की सहायता राशि का डिमांड ड्राफ्ट कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत ने सौंपा। इस दौरान आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि इस आर्थिक सहयोग से शोकाकुल परिवार को संबल मिलेगा। उन्होंने दिवंगत पत्रकार जगदीश चंद्र तिवारी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक निष्पक्ष और जनपक्षधर पत्रकारिता की मिसाल कायम की। गौरतलब है कि जगदीश चंद्र तिवारी का 3 फरवरी 2024 को निधन हो गया था, जिससे पत्रकारिता जगत को बड़ी क्षति हुई थी। वे लंबे समय तक निर्भीक और समाज के सरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता करते रहे। मुख्यमंत्री पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से पत्रकारों के आश्रितों को सहायता प्रदान किए जाने को राज्य सरकार की संवेदनशील पहल बताया जा रहा है। इस योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को समय पर आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। कमला तिवारी ने इस सहायता के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी और जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।