UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ

अल्मोड़ा। जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में एचपीवी टीकाकरण अभियान की शनिवार को शुरुआत हुई। इस अभियान के तहत 14 वर्ष की बालिकाओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस के खिलाफ टीका लगाया जाएगा, जिससे सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव होगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह अभियान तीन माह तक चलाया जाएगा। इसके बाद इस वैक्सीन को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल कर दिया जाएगा, ताकि पात्र बालिकाओं को लगातार इसका लाभ मिल सके। कार्यक्रम के दौरान अपर जिला अधिकारी युक्त मिश्रा, मेयर अजय वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपांकर डेनियल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर बालिकाओं और अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गई और अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की गई। लॉन्च दिवस पर नौ बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने इसे बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और अभिभावकों से समय पर टीकाकरण कराने की अपील की। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपांकर डेनियल ने बताया कि अभियान के दौरान जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।