UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सिडकुल में करता था काम

हरिद्वार(आरएनएस)।  सिडकुल थाना पुलिस ने नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार नाबालिग के मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। आरोपी सिडकुल क्षेत्र की फैक्ट्री में काम करता था। पुलिस के मुताबिक 20 फरवरी 2026 को पांडुवा बसंत खेड़ा यूपी उत्तर प्रदेश निवासी एक व्यक्ति ने सिडकुल में तहरीर देकर बताया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को एक अज्ञात युवक बहला-फुसलाकर ले गया है। थाना सिडकुल पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने 27 फरवरी को अपहृत नाबालिग को बरामद कर लिया था। मामले की जांच के दौरान आरोपी रोहित पुत्र वेद प्रकाश निवासी ग्राम नकटी नारायणपुर गुराडिया जिला बरेली उत्तर प्रदेश, हाल निवासी रोशनाबाद थाना सिडकुल का नाम प्रकाश में आया। वह घटना के बाद फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसके ठिकानों पर दबिश दे रही थी। सोमवार को पुलिस ने उसे रावली महदूद स्थित पाल मार्केट के पास खाली मैदान से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष सिडकुल नितेश शर्मा ने बताया कि नाबालिग के मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं।