UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

रिश्वत लेते रंगे हाथ उप शिक्षा अधिकारी गिरफ्तार, सतर्कता विभाग की बड़ी कार्रवाई

देहरादून। जनपद में सतर्कता विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उप शिक्षा अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

सतर्कता टीम ने ट्रैप ऑपरेशन के दौरान धनवीर सिंह बिष्ट, उप शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी डोईवाला को गिरफ्तार किया। उनके साथ पुष्पांजलि, निवासी डालनवाला, को भी हिरासत में लिया गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार आरोपियों ने शिकायतकर्ता से ऋषिकेश स्थित गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत अध्ययनरत छात्रों की प्रतिपूर्ति बिल पास कराने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

सतर्कता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को रिश्वत की रकम लेते समय मौके पर ही पकड़ लिया। फिलहाल दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।