UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

राज्य में ध्वस्त पड़ी कानून व्यवस्था के विरोध में काँग्रेस का प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन

देहरादून(आरएनएस)। महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य में ध्वस्त पड़ी कानून व्यवस्था के विरोध में प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने मसूरी डायवर्जन पर ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की निर्मम हत्या के विरोध में ऐस्लेहॉल चौक पर राज्य सरकार एवं पुलिस प्रशासन का पुतला दहन किया। मंगलवार को पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस वर्करों ने भाजपा सरकार के खिलाफ ऐस्लेहॉल चौक पर नारेबाजी की और भाजपा सरकार के पुतले को आग के हवाले किया।पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था को पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। कहा कि देहरादून में सुबह रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की गोली मार कर हत्या से हर कोई सहमा है। कहा कि कानून व्यवस्था की पोल खुल कर रह गई है। इससे साबित हो गया है कि बेखौफ अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लालचन्द शर्मा ने कहा कि चाहे महिला सुरक्षा का मामला हो, चाहे आम आदमी की जानमाल की सुरक्षा का राज्य पुलिस हर क्षेत्र में विफल रही है। उन्होंने कहा कि पिछले एक माह के अन्दर जितनी भी हत्या की घटनाएं घटित हुई हैं उसमें पुलिस अपराधियों को पकड़ने में नाकाम रही है।आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है।पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि जिस प्रकार राजधानी देहरादून में दिन दहाड़े गोलीबारी कर हत्या की घटना को अंजाम देने की घटना से सुरक्षा पर सवाल उठे हैं। कहा कि जिस स्थान पर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया उस मार्ग पर पर्यटकों की लागातार आवाजाही रहती है लेकिन पुलिस आम जनता की सुरक्षा के प्रति असंवेदनशील बनी हुई है। विरेन्द्र पोखरियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार में भू माफिया, शराब माफिया का बोलबाला तो था ही अब हत्यारों का भी बोलबाला हो गया है।पुतला दहन करने वालों में मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, पार्षद विरेन्द्र बिष्ट, अर्जुन सोनकर, शीशपाल बिष्ट, गिरिराज हिंदवान, सोम प्रकाश बाल्मीकि, रितेश क्षेत्री, पीयूष जोशी, संजय थापा, कैलाश बाल्मीकि, आशीष देसाई, प्रीतम सिंह आर्य, मोहन काला, नीता रावत, संजय कनौजिया, अनिल बसनेत, विजय शाही, गुलशन, डीपी सिंह, मनमोहन शर्मा आदि शामिल थे।