UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

राष्ट्रीय दायित्व पर जा रहे डॉ. हिमांशु ऐरन को भावभीनी विदाई

देहरादून। राष्ट्रीय दंत आयोग में पूर्णकालिक सदस्य (असेसमेंट एवं रेटिंग) के रूप में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे डॉ. हिमांशु ऐरन को रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय परिवार ने गरिमामयी विदाई दी। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकाय सदस्य, कर्मचारी और छात्र बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

विदाई समारोह में डॉ. ऐरन का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने विश्वविद्यालय में बिताए 18 महीनों को देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि सहयोगियों के साथ मिलकर किए गए कार्यों ने इस अवधि को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में कार्यकारी अधिकारी डॉ. कृष्ण मूर्ति ने डॉ. ऐरन को दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता बताते हुए कहा कि उनका योगदान संस्थान के लिए प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में शुरू किए गए कार्यों को आगे बढ़ाते हुए विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।

प्रति कुलपति डॉ. देश दीपक ने कहा कि डॉ. ऐरन ने विश्वविद्यालय को नई दिशा और ऊर्जा दी है। वहीं रजिस्ट्रार खालिद हसन ने उनके कार्यकाल को पारदर्शिता और कार्यकुशलता का उदाहरण बताया।

समारोह में विभिन्न विभागाध्यक्षों और छात्रों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए डॉ. ऐरन के योगदान को सराहा। छात्रों ने उन्हें प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने खड़े होकर तालियों के साथ डॉ. ऐरन को विदाई दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वह विश्वविद्यालय परिवार से मिले सम्मान के लिए सदैव आभारी रहेंगे।