UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

नो पार्किंग जोन में खड़े 20 वाहनों पर कार्रवाई

अल्मोड़ा। नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नो पार्किंग क्षेत्रों में सख्त अभियान चलाते हुए 20 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपद में यातायात और थाना प्रभारियों को नो पार्किंग क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने और नगर में निर्बाध आवागमन बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन और सीओ बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी यातायात सुमित पांडे के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस टीम ने एलआर साह रोड पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने पर 20 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। ट्रैफिक पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे नो पार्किंग नियमों का पालन करें और अपने वाहन केवल निर्धारित स्थानों पर ही खड़े करें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।