UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

चेन स्नेचिंग का प्रयास नाकाम, एक आरोपी दबोचा, साथी फरार

विकासनगर(आरएनएस)। कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के ढालीपुर में बाइक सवार युवकों ने महिला के गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की। दंपति ने सर्तकता दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि घटना में प्रयुक्त बाइक को भी पुलिस ने सीज कर दिया है। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि ऋषभ निवासी खुडबुड़ा, देहरादून अपनी पत्नी के साथ बुधवार शाम को बाइक से पौंटा साहिब हिमाचल प्रदेश से वापस देहरादून लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात युवक बाइक से उनका पीछा करने लगे और पीछे बैठी उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया।हालांकि, सतर्कता दिखाते हुए दंपति ने एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दूसरा युवक फरार होने में सफल रहा। पकड़े गए आरोपी को तुरंत पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान आसिक निवासी हरिपुर कालसी के रूप में हुई।आरोपी ने बताया कि कि वह और उसका साथी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए राह चलते लोगों से मोबाइल और जेवर छीनने की वारदातों को अंजाम देते हैं। घटना के दिन भी वे इसी मंशा से ढालीपुर क्षेत्र में घूम रहे थे। कोतवाल ने बताया कि घटना में प्रयुक्त बाइक को सीज कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।