अल्मोड़ा। कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में एचपीवी टीकाकरण को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें टीकाकरण की आवश्यकता, महत्व और इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में प्रभावी है, इसलिए पात्र लाभार्थियों को इससे आच्छादित करना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए लक्षित वर्ग का शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। उन्होंने समाज में एचपीवी वैक्सीन को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि वैज्ञानिक जानकारी के प्रचार-प्रसार से लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि वे बिना संकोच टीकाकरण का लाभ उठा सकें। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनसामान्य तक सरल और प्रभावी माध्यमों से जानकारी पहुंचाकर सकारात्मक माहौल तैयार किया जाए। बैठक में प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अरविंद पांगती ने बताया कि यह वैक्सीन सुरक्षित और प्रभावी है। उन्होंने कहा कि 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए यह विशेष रूप से जरूरी है और इससे गर्भाशय के कैंसर की रोकथाम में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन 45 वर्ष तक की महिलाओं के लिए भी उपयोगी है तथा जनपद के सभी ब्लॉकों में चिकित्साधिकारियों को इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक बालिकाओं के टीकाकरण के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
एचपीवी टीकाकरण को लेकर जागरूकता बढ़ाने और शत-प्रतिशत कवरेज के निर्देश



