अल्मोड़ा। कल्याणिका हिमालय देवस्थानम न्यास कनरा डोल के वार्षिक उत्सव के दौरान आयोजित पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार मानसखंड मंदिर माला और केदारखंड मानस माला योजनाओं के माध्यम से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए भी कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बाबा कल्याणदास की तपस्या और साधना की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से यह स्थान विश्व स्तर पर अलग पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि आश्रम धार्मिक आस्था, आध्यात्मिक साधना और सांस्कृतिक चेतना का प्रमुख केंद्र बन गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिससे श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि यहां स्थापित दुनिया का सबसे बड़ा श्रीयंत्र श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार से आदि कैलाश यात्रा और पार्वती कुंड यात्रा का शुभारंभ भी हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बाद गुंजी, जागेश्वर और आदि कैलाश में आने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि जागेश्वर धाम में पिछले वर्ष छह लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि आदि कैलाश में पहले जहां 500 से 700 लोग पहुंचते थे, वहीं पिछले वर्ष करीब 40 हजार श्रद्धालु पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के शुरुआती सात-आठ दिनों में ही पांच लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही सरकार : मुख्यमंत्री


