UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

लमगड़ा पुलिस ने 754 ग्राम चरस के साथ एक तस्कर को दबोचा

अल्मोड़ा। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत लमगड़ा पुलिस ने एक व्यक्ति को 754 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये आंकी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक के नेतृत्व में मोरनौला चौकी पुलिस ने मोतियापाथर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति के कब्जे से 754 ग्राम अवैध चरस बरामद की। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर थाना लमगड़ा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रहीस सिंह पुत्र नन्हे निवासी ग्राम घमोईया, पोस्ट ककेड़ी, जिला हरदोई उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी मोरनौला नरेश कोहली, हेड कांस्टेबल दीपक सिंह महरा, प्रदीप सिंह रौतेला और कांस्टेबल केशव सिंह भौंत शामिल रहे।