UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

एचपीवी टीकाकरण अभियान में राज्य में अल्मोड़ा जिला प्रथम

अल्मोड़ा। जनपद में आयोजित तीन दिवसीय एचपीवी टीकाकरण अभियान में अल्मोड़ा ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों और शहरी क्षेत्रों में टीकाकरण कार्यक्रम संचालित किया गया। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य सरकार की ओर से जनपद को 4,805 छात्राओं के टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया था। इसके सापेक्ष जिले में 1,857 छात्राओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया। इस प्रकार जनपद ने 39 प्रतिशत उपलब्धि हासिल करते हुए राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों और सहयोगी संस्थाओं की सराहना की। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी छात्राओं का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि पात्र छात्राओं को अपने निकटतम टीकाकरण केंद्र पर ले जाकर टीका लगवाएं, ताकि उन्हें भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान की जा सके। स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीकाकरण अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा।