UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

पर्यटन सीजन में जागेश्वर धाम में पुलिस की व्यवस्थाओं को सराहना

अल्मोड़ा। पर्यटन सीजन के दौरान जागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अल्मोड़ा पुलिस ने सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। पुलिस की ओर से की गई व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन और दर्शन की सुविधा मिल रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में दन्या थाना और जागेश्वर चौकी पुलिस क्षेत्र में लगातार व्यवस्था संभाले हुए है। पुलिस के अनुसार पर्यटन सीजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक जागेश्वर धाम पहुंच रहे हैं, जिसके चलते यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए शटल सेवा संचालित की जा रही है। पार्किंग और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शटल सेवा, पार्किंग और यातायात संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनका मार्गदर्शन भी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जागेश्वर धाम पहुंचे श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बताते हुए अल्मोड़ा पुलिस की सहयोगात्मक कार्यशैली की सराहना की है।