देहरादून(आरएनएस)। धर्मपुर विधानसभा के तहत क्लेमेनटाउन कैंट के लिए 18 करोड लागत की नई पेयजल लाइन को स्वीकृति मिली है। योजना के तहत 19 किलोमीटर पेयजल लाइन का नया नेटवर्क और नए ट्यूबवेल स्थापित किए जाएंगे। अगस्त माह से योजना पर काम शुरू होने की उम्मीद है। धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने उम्मीद जताई कि नई योजना का काम पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों की पेयजल समस्या का निराकरण होगा। भाजपा नेता और क्लेमेनटाउन रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी-सिट्स संस्था के संरक्षक महेश पांडे ने कहा कि क्लेमेनटाउन के 7 वार्डों में लगभग 35 हजार की आबादी निवास करती है, पिछले पांच सालों में क्लेमेनटाउन में आबादी का दबाव बढ़ा है। इस वजह से पेयजल की मौजूदा व्यवस्थाएं नाकाफी साबित हो रही हैं।
वर्ष 2019 में रक्षा मंत्रालय द्वारा कैंट को अपनी पेयजल योजना शुरू करने के लिए 16 करोड़ का बजट आवंटित किया गया। जिससे पूरे कैंट में पेयजल लाइन बिछाई गई और दो नए ट्यूबवेल और ओवरहेड टैंक भी निर्मित किए गए। लेकिन जैसे-जैसे आबादी बढ़ती गई वैसे वैसे नई बसावत में पेयजल की मांग प्रमुख रूप से सामने आई। लिहाजा स्थानीय निवासी लम्बे समय से विधायक विनोद चमोली से पेयजल संकट दूर करने के लिए नई योजना की मांग कर रहे थे। कैंट बोर्ड क्लेमेनटाउन में पिछले कई वर्षों से बजट न आने से कैंट प्रशासन नई पेयजल लाइन नहीं बिछा पा रहा है। इसलिए विधायक विनोद चमोली ने राज्य सरकार से 18 करोड़ की योजना अलग से स्वीकृत कराई है। स्थानीय निवासियों ने नई योजना के लिए विधायक का आभार जताया है।

Share This