विकासनगर(आरएनएस)। जौनसार-बावर के प्रवेश द्वार हरिपुर धाम को बड़े धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की कवायद तेज करने पर जोर दिया गया है। रविवार को प्रेस क्लब ऑफ इंडिया नई दिल्ली में जौनसार-बावर जनजाति कल्याण समिति दिल्ली और लोक पंचायत की संयुक्त बैठक में हरिपुर धाम के दूसरे चरण के विकास कार्यों पर विस्तार से मंथन हुआ। घाटों के विस्तार से लेकर जमुना कृष्ण मंदिर, धर्मशालाओं और महासू प्रवेश द्वार के निर्माण के प्रस्ताव बैठक में प्रमुखता से रखे गए। लोक पंचायत के वरिष्ठ सदस्य श्रीचंद शर्मा ने बताया कि हरिपुर में घाटों के प्रथम चरण का निर्माण पूरा हो चुका है और 21 फीट ऊंची मां यमुना की प्रतिमा का अनावरण किया जा चुका है। आगामी चरण में जमुना कृष्ण धाम परिसर में घाटों के दूसरे चरण का निर्माण, जमुना कृष्ण मंदिर का भव्य निर्माण, धर्मशालाओं का निर्माण और प्रत्येक शुक्रवार भंडारे की व्यवस्था के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है। हरिपुर के प्रवेश द्वार पर महासू प्रवेश द्वार बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसके साथ संस्कृत महाविद्यालय की स्थापना और यमुनोत्री यात्रा की शुरुआत हरिपुर से किए जाने के विषय पर भी चर्चा हुई। शर्मा ने कहा कि हरिपुर के विकास के साथ जौनसार-बावर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर सामने लाने की आवश्यकता है। समिति के संरक्षक रमेश चंद्र जोशी, महासचिव सुल्तान सिंह तोमर, श्याम सिंह तोमर, नितेश राठौर, रघुबीर चौहान, अशोक नेगी, खजाना दत्त शर्मा, रविंद्र राणा, तारा दत्त जोशी, भारत चौहान, गंभीर सिंह चौहान, प्रीतम चौहान, चमन नेगी और अनिल सिंह तोमर मौजूद रहे।